रायपुर। नगर निगम रायपुर ने 14 वर्षों बाद राजकुमार कॉलेज से बकाया राजस्व की वसूली की है। कॉलेज द्वारा वर्ष 2012-13 से 2025-26 तक संपत्ति कर जमा नहीं किया गया था। इस पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम जोन-5 की टीम ने 1 करोड़ 64 लाख रुपये के बकाया संपत्ति कर की वसूली की। इस कार्रवाई की नगर निगम आयुक्त ने सराहना की है।
बीते 14 वर्षों में नगर निगम द्वारा बार-बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठते रहे। आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों के मामलों में सख्ती से कार्रवाई और संपत्तियों की सीलिंग किए जाने के बावजूद, राजकुमार कॉलेज पर लंबे समय तक कार्रवाई न होना निगम के दोहरे रवैये को उजागर करता रहा।
लगातार उठ रहे सवालों के बाद आज नगर निगम की टीम ने कार्रवाई कर बकाया राजस्व की वसूली की। इस संबंध में आयुक्त विश्वदीप और उपायुक्त जागृति साहू ने जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के नेतृत्व में पूरी टीम के प्रयासों की प्रशंसा की। आयुक्त ने कहा कि इस वसूली से नगर निगम के राजस्व में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी।