रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने युवा पत्रकार सुखनन्दन बंजारे के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष देव ने अपने शोक संदेश में इसे व्यक्तिगत क्षति बताते हुए बस्तर में उनके साथ बिताए समय और कार्य अनुभवों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में कार्य के दौरान बंजारे से उनका निरंतर संपर्क रहा। उनका सरल और सहज स्वभाव, समाचारों के प्रति निष्पक्ष दृष्टिकोण तथा बस्तर के जनसरोकारों से गहरा जुड़ाव सदैव प्रेरणादायी रहा।
देव ने कहा कि बंजारे ने बस्तर की आवाज को पूरी ईमानदारी के साथ मुख्यधारा तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। संगठनात्मक गतिविधियों और जनसमस्याओं के कवरेज के दौरान उनसे अक्सर आत्मीय मुलाकातें होती थीं। पत्रकारिता के प्रति उनका समर्पण और उनका सदैव मुस्कुराता चेहरा हमेशा स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि इतनी कम उम्र में एक होनहार और ऊर्जावान पत्रकार का जाना छत्तीसगढ़ के मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।