रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने हज यात्रियों को फर्स्ट एड किट वितरित कर उनकी सुरक्षित और सुखद यात्रा की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायगढ़ से सांसद रहते हुए और अब तक उन्हें लगातार हज यात्रियों के स्वागत का अवसर मिलता रहा है, जो उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश से कुल 815 हज यात्री यात्रा पर जा रहे हैं। पहली बार स्वास्थ्य विभाग की ओर से यात्रियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है और मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने सभी यात्रियों से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए दुआ करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के हज यात्रियों को यह पवित्र अवसर मिलना खुशी की बात है। उन्होंने यात्रियों से प्रदेश और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि अब हज यात्रा के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ता, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संभव हुआ है।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और हज यात्रा से जुड़ी जानकारी साझा की। इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कांवड़िया, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, हज कमेटी की सीईओ डॉ. खुशबू उस्मान सहित कई गणमान्य लोग और हज यात्री मौजूद रहे।