सीएम विष्णु देव साय ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अर्पित की श्रद्धांजलि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, सुशासन की स्थापना और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण वे देशवासियों के हृदय में सदैव जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि अटलजी न केवल महान राजनेता थे, बल्कि संवेदनशील कवि और दूरदर्शी जननेता भी थे, जिन्होंने राजनीति को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटलजी के नेतृत्व में देश ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन की नई दिशा प्राप्त की। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का उनका संकल्प आज भी शासन की नीतियों का मूल आधार है। यही सोच छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और निर्णयों का मार्गदर्शन कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में सुशासन को और मजबूत करने के लिए प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता, समयबद्ध सेवाओं की उपलब्धता और जनविश्वास की पुनर्स्थापना के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरी यात्रा अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों से प्रेरित है।

अंत में मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटलजी के आदर्शों—ईमानदारी, संवेदनशीलता, संवाद और समावेशी विकास—को अपने जीवन में अपनाएं और विकसित छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *