शीतलहर ने उत्तर भारत को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। दिसंबर का पहला हफ्ता बीत चुका है। इसके साथ ही अब उत्तर भारत में ठंड का कहर बढ़ने वाला है। मौमस विभाग ने 6 और 7 दिसंबर को 8 राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली समेत उत्तर पश्चिमी झारखंड और उत्तरी ओडिशा में कुछ जगहों पर शीतलहर चलने की संभावना है।
इसके अलावा 6 और 7 दिसंबर को उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान में भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
IMD ने तमिलनाडु समेत अंडमान और निकोबार क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई है। दोनों जगहों पर बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में गिरेगा पारा
आज दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे सर्दी का एहसास बढ़ने वाला है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
राजस्थान में तेजी से गिरा तापमान
मौसम विभाग ने राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई है। शीतलहर के कारण राजस्थान के कई इलाकों में गलन महसूस हो रही है।
कुछ जगहों पर तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया है। IMD के अनुसार, राजस्थान में तापमान अभी और गिर सकता है। इसके अलावा कई जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की भी संभावना है।
यूपी में कोल्ड वेव का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। खासकर कानपुर, आगरा, मुजफ्फरनगर, बरेली, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) और बाराबंकी में शीतलहर के साथ तापमान में तेज गिरावट की संभावना है।
बिहार में बढ़ेगी ठंड
बिहार में भी पटना समेत आसपास के इलाकों में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। खासकर भोजपुर, सारण, बक्सर, गोपालगंज, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में ठंड का कहर बढ़ने वाला है।
अन्य जगहों पर कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
महाराष्ट्र में अगले 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
इसके अलावा गुजरात में अगले 7 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है।