24 लाख खर्च करने के बावजूद सुमित हार गए, जबकि मात्र 7 लाख में सावित्री बनीं विधायक; जानिए बाकी प्रत्याशियों का खर्च और परिणाम…

बिहार विधानसभा चुनाव में कई ऐसे उम्मीदवार थे, जिन्हें प्रचार-प्रसार पर किए गए खर्च के अनुरूप वोट नहीं मिले।

ऐसे ही प्रत्याशियों में चकाई से जदयू के सुमित कुमार सिंह, निर्दलीय संजय प्रसाद और चंदन कुमार सिंह, सिकंदरा से जन सुराज के सुभाष चंद्र बोस, राजद के उदय नारायण चौधरी, जमुई से निर्दलीय अमरेंद्र कुमार अत्री और जन सुराज के अनिल प्रसाद साह के अलावा झाझा से आजाद समाज दल के मु. इरफान तथा जन सुराज पार्टी के डॉ. निलेंदु दत्त मिश्रा का नाम शामिल हैं।

ये आंकड़े प्रचार-प्रसार समाप्त होने से एक दिन पहले यानी 8 अक्टूबर तक के हैं, जो व्यय कोषांग को प्रत्याशियों या फिर उनके अभिकर्ताओं द्वारा दिए गए हैं।

प्रत्याशियों के खर्चे में आखिरी दिन के प्रचार के अलावा मतदान और मतगणना के दिन खर्च की गई राशि का विवरण जुड़ने के बाद खर्च का ग्राफ और ऊपर जाएगा।

बहरहाल, आंकड़ों के मुताबिक प्रचार-प्रसार पर जमुई जिले में चकाई से जदयू प्रत्याशी सुमित कुमार सिंह ने सर्वाधिक 23.75 लाख रुपये खर्च किए, बावजूद मतों की गिनती में पीछे रह गए। इसके विपरीत सावित्री देवी मात्र एक तिहाई 7.51 लाख रुपये खर्च कर विधानसभा पहुंच गईं।

चकाई में ही निर्दलीय संजय प्रसाद ने भी 17.18 तथा चंदन कुमार सिंह ने 8.87 लाख रुपये पानी की तरह बहाया, जो विजयी सावित्री देवी के खर्चे से दोगुना और ज्यादा है। सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र में भी कुछ वैसी ही स्थिति है।

यहां 12.29 लाख रुपये खर्च कर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रफुल्ल कुमार मांझी विधायक चुन लिए गए। इसके विपरीत 13.45 लाख में जन सुराज पार्टी के सुभाष चंद्र बोस अपनी जमानत भी नहीं बचा सके।

यहीं कांग्रेस उम्मीदवार विनोद चौधरी ने चुनाव प्रचार पर 11.49 लाख फूंक डाले और 1801 मत पर सिमट गए। शायद यह देश भर में कांग्रेसी प्रत्याशियों को मिले मतों में सबसे कम होगा। उक्त विधानसभा क्षेत्र में ही निकटतम प्रतिद्वंदी उदय नारायण चौधरी ने 13.41 लाख रुपये प्रचार-प्रसार पर खर्च किया है।

जमुई विधानसभा क्षेत्र में श्रेयसी सिंह 21.94 लाख रुपये खर्च कर चुनाव जीतने में कामयाब रहीं। यहां उनके निकटतम प्रतिद्वंदी राष्ट्रीय जनता दल के शमशाद आलम ने भी 18.60 लाख रुपये खर्च किए। इसी विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय अमरेंद्र कुमार अत्री ने 11.54 लाख तथा जन सुराज के अनिल प्रसाद साह ने 10.95 लाख रुपये प्रचार-प्रसार में उड़ा दिया।

झाझा विधानसभा क्षेत्र में प्रचार-प्रसार पर खर्च के अनुरूप ही मतदाताओं ने प्रत्याशियों के खाते में वोट भी दिया है। यहां विजेता जदयू के दामोदर रावत ने 21.68 लाख रुपये तथा उनके निकटतम प्रतिद्वंदी राष्ट्रीय जनता दल के जयप्रकाश नारायण यादव का 19.60 लाख रुपये खर्च हुआ है।

आजाद समाज दल के मु. इरफान ने 14.87 तथा जन सुराज के निलेंदु दत्त मिश्रा ने 12.25 लाख रुपये खर्च किया। हालांकि, यह सभी चुनाव आयोग को दिए गए आंकड़े हैं। धरातल पर यह खर्च कई गुना अधिक हैं।

सिकंदरा में प्रत्याशी वार खर्च का विवरण

प्रत्याशीपार्टीचुनाव खर्च (लाख रुपये में)
सुभाष चंद्र बोसजन सुराज13.45
उदय नारायण चौधरीराजद13.41
प्रफुल्ल कुमार मांझीहम12.29
विनोद कुमार चौधरीकांग्रेस11.49
संगीता पासवानस्वतंत्र3.97
मनोज कुमार दासएआईएमआईएम3.29
प्रियंका कुमारीस्वतंत्र1.95
रामाधीन पासवानरालोजपा1.16
संतोष कुमार दासबसपा0.69
उदय रविदासस्वतंत्र0.50
कुल खर्च (10 प्रत्याशियों का)64.29 लाख

जमुई में चुनावी खर्च

प्रत्याशीपार्टीचुनाव खर्च (लाख रुपये में)
श्रेयसी सिंहभाजपा21.94
मु. शमशाद आलमराजद18.59
अमरेंद्र कुमार अत्रीस्वतंत्र11.54
अनिल प्रसाद साहजन सुराज10.95
रूपेश कुमार सिंहस्वतंत्र3.27
मु. समीरस्वतंत्र2.71
रामशीष यादवआप2.48
सुशांत कुमार सिंहस्वतंत्र2.07
प्रमोद मिश्रासमाज सत्ता दल1.33
महावीर यादवबसपा1.17
संतोष कुमार यादवस्वतंत्र0.86
ओम प्रकाश यादवनिर्दलीय0.15
कुल खर्च (12 प्रत्याशी)76.11 लाख

झाझा में चुनावी खर्च

प्रत्याशीपार्टीचुनाव खर्च (लाख रुपये में)
दामोदर रावतजदयू21.68
जयप्रकाश नारायण यादवराजद19.60
मु. इरफानआजाद समाज दल14.87
निलेंदु दत्त मिश्राजन सुराज12.15
शिवराज यादवबसपा4.11
नेमो देवीस्वतंत्र2.72
केदार कुमार मंडलअजपा2.43
अमरजीत कुमार सिंहएनपीपी1.36
रविंद्र यादवनिर्दलीय0.82
कुल खर्च (9 प्रत्याशी)79.74 लाख

चकाई में चुनावी खर्च

प्रत्याशीपार्टीचुनाव खर्च (लाख रुपये में)
सुमित कुमार सिंहजदयू23.75
संजय प्रसादस्वतंत्र17.58
चंदन कुमार सिंहस्वतंत्र8.87
राहुल कुमारजन सुराज8.07
सावित्री देवीराजद7.51
अलाउद्दीन अंसारीरालोजपा4.58
एलिजाबेथ सोरेनस्वतंत्र4.53
नरेश कुमार शर्माजागरूक जनता पार्टी1.90
रंजीत कुमार वर्मास्वतंत्र1.80
सोसाना मुर्मूसर्व समाज पार्टी0.15
कुल खर्च (10 प्रत्याशी)78.74 लाख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *