झारखंड के पड़ोसी राज्य बिहार में नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री पद संभालने जा रहे हैं। गुरुवार को पटना में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसे लेकर झारखंड जदयू के नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की जीत के बाद से झारखंड जदयू खेमे में उत्साह का माहौल है।
झारखंड जदयू के नेता भी इस राजनीतिक परिवर्तन से बेहद खुश हैं। और नीतीश कुमार के दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनने के लिए झारखंड जदयू के नेता पटना जा रहे हैं।
झारखंड जदयू के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पटना पहुंच चुका है, जो गुरुवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होगा।
यह प्रतिनिधिमंडल शपथ ग्रहण से पहले भी कई महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेगा। इसमें जदयू विधायक सरयू राय भी शामिल हैं।
धनबाद जिला जदयू अध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह ने बताया कि बिहार में जदयू गठबंधन सरकार के गठन से झारखंड के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आई है।
उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में जदयू का नेतृत्व फिर मजबूत हुआ है, और इसका सकारात्मक असर झारखंड संगठन पर भी पड़ेगा।
पिंटू कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड जदयू नेताओं ने पटना पहुंचकर नीतीश कुमार से मुलाकात की और उन्हें जदयू विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी।
नेताओं ने उम्मीद जताई कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन का एक नया अध्याय शुरू होगा और विकास कार्यों की रफ्तार तेज होगी।