पुणे से दिल्ली जा रहे अकासा एयर के विमान में पक्षी की टक्कर, बड़ा हादसा टला…

पुणे से दिल्ली आ रहे अकासा एयर के विमान से एक पक्षी टकरा गया। गनीमत रही कि कोई बड़ी घटना नहीं हुई और विमान को सुरक्षित रूप से राष्ट्रीय राजधानी में उतार लिया गया।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि विमान की इंजीनियरिंग टीम की ओर से जांच की जा रही है। गहन निरीक्षण के बाद इसे सर्विस के लिए जारी कर दिया जाएगा।

प्रवक्ता ने कहा, ’10 अक्टूबर 2025 को पुणे से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली अकासा एयर की उड़ान संख्या क्यूपी 1607 से एक पक्षी टकरा गया। विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से उतार लिया गया है।’

यात्रियों की संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24.कॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बोइंग 737 मैक्स 8 विमान से संचालित यह उड़ान शुक्रवार सुबह 10 बजे के बाद राष्ट्रीय राजधानी में उतरा था।

जिस विमान से पक्षी टकराया था, वह दिल्ली से गोवा के लिए उड़ान भरने वाला था। सूत्रों के अनुसार, इस सेवा में कुछ घंटों की देरी हुई। उस मार्ग के लिए एक अन्य विमान को लगाया गया।

वियना से दिल्ली जा रहे विमान में तकनीकी खराबी

दूसरी ओर, एयर इंडिया ने कि 9 अक्टूबर को वियना से दिल्ली आ रहे विमान को तकनीकी समस्या के कारण दुबई में उतारा गया था। विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा गया कि विमान दुबई में सुरक्षित उतर गया और उसकी आवश्यक जांच की गई।

हालांकि, उसने कोई खास विवरण साझा नहीं किया। एयर इंडिया ने बताया कि यात्रियों को उसी विमान के जरिए दुबई से भारतीय समयानुसार सुबह 8:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया।

वह भारतीय समयानुसार दोपहर 12:19 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *