अयोध्या में मनाया जाएगा RSS के 100 साल पूरे होने का उत्सव, स्वयंसेवक होंगे पूर्ण गणवेश में उपस्थित…

विजयदशमी दो अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना का 100 वर्ष पूरा हो रहा है। इसके बाद शताब्दी वर्ष मनाया जाना है। शताब्दी वर्ष का आगाज यूपी में अयोध्या धाम के राम कथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम से होगा।

जिसमें संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले का उद्बोधन होगा और कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋषभदेव जन्मभूमि दिगंबर जैन बड़ी मूर्ति अध्यक्ष और पीठाधीश रवींद्र कीर्ति स्वामी करेंगे।

कार्यक्रम का जिम्मा महानगर संघचालक विक्रमा प्रसाद और महानगर कारवाह देवेंद्र को सौंपा गया है।

पंच परिवर्तन के तहत कार्यकर्ता घर-घर और गांव-गांव तथा संबंधित समूह के पास जाएगें और उनको समाजिक सद्भाव व समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता अर्थात स्वदेशी को बढ़ावा के लिए प्रेरित किया जाएगा।

पूर्ण गणवेश में आना होगा स्वयंसेवकों को

संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर अयोध्या धाम के राम कथा पार्क में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बिना पूर्ण गणवेश के प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।

आयोजन स्थल को आरएसएस की ओर से रामलला अशोक सिंहल नगर नाम दिया गया है। जनसंपर्क अभियान में स्वयं सेवकों के गणवेश और तैयारी को जांचा परखा जा रहा है।

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर स्वयं सेवक घर-घर दस्तक दे रहे हैं और तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विजय दशमी पर्व पर 100 वर्ष पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की गई थी।

बीते 100 वर्षों में संघ की ओर से राष्ट्र के उत्थान, विचारधारा के उन्नयन, सामाजिक संवर्द्धन आदि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया गया। संघ की स्थापना के एक शताब्दी पूरे होने पर देश भर में कार्यकम का आयोजन किया जा रहा है।

संघ की ओर से कहा जा रहा है कि संगठन के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में आयोजित यह कार्यक्रम जश्न मनाने के लिए नहीं बल्कि शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन अभियान के लिए किए जाने वाले प्रयास और कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर है।

कार्यक्रम की शुरुआत विजयदशमी को सुबह आठ बजे से होनी है, जिसके लिए स्वयंसेवकों और आगंतुकों से कार्यक्रम शुरू होने से आधा घंटे पूर्व आकर अपना स्थान ग्रहण कर लेने का निवेदन किया जा रहा है।

साथ ही ज्यादा से ज्यादा स्वयंसेवकों की सहभागिता के लिए शाखा शाखा और क्षेत्र क्षेत्र में घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *