ट्रंप के करीबी की दिनदहाड़े हत्या पर पीटर नवारो का बयान – कहा, चार्ली किर्क अमेरिका के राष्ट्रपति बन सकते थे…

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शीर्ष सलाहकार पीटर नवारो के मुताबिक पिछले हफ्ते गोलीबारी में मारे गए दक्षिणपंथी कार्यकर्ता चार्ली किर्क आने वाले दिनों में अमेरिका के राष्ट्रपति भी बन सकते थे।

पीटर नवारो ने कहा है कि चार्ली किर्क राष्ट्रपति या निश्चित रूप से गवर्नर बन सकते थे।

नवारो ने सोमवार को CNBC को दिए गए इंटरव्यू में बताया कि किर्क पिछले 50 सालों में सबसे महान राजनीतिक आयोजक थे और चार्ली को एक ऐतिहासिक व्यक्ति के रूप में याद किया जाना चाहिए।

नवारो ने कहा कि वे चार्ली किर्क को डेविड एक्सलेरोड और राल्फ रीड के बराबर का आयोजक मानते हैं।

बता दें कि डेविड एक्सलेरोड, बराक ओबामा के 2008 और 2012 के राष्ट्रपति चुनाव अभियानों के दौरान उनके डेमोक्रेटिक मुख्य रणनीतिकार थे।

वहीं राल्फ रीड 1990 के दशक में स्टूडेंट्स फॉर अमेरिका (SFA) रूढ़िवादी कार्यकर्ता समूह का चेहरा थे।

इससे पहले बुधवार10 सितंबर को अमेरिका के यूटा में एक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ट्रंप के करीबी सहयोगी और रूढ़िवादी कार्यकर्ता चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

किर्क उस दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। गोलीबारी से ठीक पहले, किर्क एक दर्शक द्वारा भीड़ पर गोलीबारी करने और हिंसा के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

तभी हमलावर ने कुछ दूरी से परिसर की एक छत से गोली चला दी। किर्क पर गोली चलाने वाले संदिग्ध 22 वर्षीय टायलर रॉबिन्सन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हालांकि उसका मकसद अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि रॉबिन्सन किर्क के अति-दक्षिणपंथी राजनीतिक विचारों से गहरी नफरत करता था।

वहीं डोनाल्ड ट्रंप 31 वर्षीय किर्क को अपने सबसे करीबी सहयोगियों में से एक मानते थे। ट्रंप ने हत्या के लिए कट्टरपंथी वामपंथियों को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा है कि किर्क सत्य और आजादी के लिए शहीद हुए हैं। सरकार द्वारा ऐतिहासिक मान्यता देते हुए ट्रंप ने चार्ली किर्क को मरणोपरांत संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान, प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम देने की घोषणा भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *