एक भारतीय शख्स को विदेश में गुपचुप शादी रचाना काफी महंगा पड़ गया।
अब दो शादियां रचाने के आरोप में इस व्यक्ति को जेल की सजा हो गई है। आरोपी की पहचान 49 वर्षीय वैथियालिंगम मुथुकुमार के रूप में हुई है।
इस व्यक्ति ने 15 साल पहले पहला विवाह रचाया था। गौरतलब है कि सिंगापुर में दो शादियां रचाना कानूनन अपराध है। मुथुकुमार को तीन महीने और तीन हफ्ते की जेल की सजा सुनाई गई है।
सहकर्मी के साथ अफेयर
मुथुकुमार की पहली शादी साल 2007 में हुई थी। साल 2011 में सिंगापुर में उनका अपनी सहकर्मी के साथ अफेयर शुरू हो गया।
हैरानी की बात यह है कि जिस महिला, सलमा बी अब्दुल रज्जाक के साथ मुथुकुमार का अफेयर था, उसे पता था कि वह शादीशुदा हैं।
इसके बावजूद वह सिंगापुरी महिला मुथुकुमार के शादी रचाने के लिए तैयार हो गई। बताया जाता है मुथुकुमार ने उसके ऊपर शादी के लिए काफी दबाव डाला था।
मुथुकुमार ने कहा था कि उसे एक बच्चा चाहिए। इतना ही नहीं, उसने सलमा से यह भी वादा किया था कि वह अपनी पहली पत्नी को तलाक दे देगा।
ऐसे खुली पोल
अगस्त 2022 में दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी कर ली। एक भारतीय मुस्लिम धर्मगुरु ने दोनों की शादी रजिस्टर कराई। रिपोर्ट के मुताबिक शादी के बाद दोनों वापस सिंगापुर पहुंच गए।
यहां पर मुथुकुमार अपनी पहली पत्नी के साथ ही रहता था। हालांकि बीच-बीच में समय निकालकर वह सलमा से मिलने जाया करता था।
14 सितंबर 2023 को सलमा ने एक बच्चे को जन्म दिया। इसी समय मुथुकुमार की पोल खुल गई। असल में मुथु की पहली पत्नी उसी अस्पताल में काम करती थी, जहां सलमा के बच्चे का जन्म हुआ था।
जब उसने मुथु को डिलीवरी सुइट से बाहर आते देखा तो उसे शक हुआ। उसे पता था कि यह सुइट किसी आने-जाने वाले के लिए नहीं खोला जाता। ऐसे में उसने मुथु से पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद मुथु ने उसे अपनी दूसरी शादी और बच्चे के जन्म के बारे में बताया।
रिजेक्ट हो गया अप्लीकेशन
इसके बाद मुथुकुमार ने सिंगापुर में स्थायी निवास के लिए अप्लाई किया। कानूनी दस्तावेजों में उसने झूठ बोला कि उसकी दूसरी कोई शादी नहीं हुई है।
हालांकि एक महीने बाद सलमा ने मंत्रालय को बता दिया कि मुथु ने दो शादियां की हैं। इसके बाद उसका अप्लीकेशन रिजेक्ट हो गया।
इसके बाद मामला शीर्ष अधिकारियों तक पहुंचा। अधिकारियों ने कहा कि उसने अपनी दोनों पत्नियों को धोखा दिया है।
जहां उसने पहली पत्नी को दूसरी शादी की बात नहीं बताई। वहीं, दूसरी पत्नी से यह कहकर विवाह रचाया कि वह पहली पत्नी को तलाक दे देगा।