अफेयर के शक में गर्भवती पत्नी की हत्या, टुकड़े कर नदी में बहाया शव; ऐसे हुआ खुलासा…

तेलंगाना के मेदीपल्ली में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है।

यहां 27 साल के युवक ने अपनी प्रेग्नेंट पत्नी को मार डाला और इसके बाद शव के टुकड़े करके नदी में फेंक आया। जानकारी के मुताबिक 21 साल की स्वाति उर्फ ज्योति अपने पति महेंद्र रेड्डी के साथ मेदिपल्ली के बोदुप्पल इलाके में रहती थी।

आरोपी ड्राइविंग का काम करता था। शनिवार को शाम करीब 4 बजे दोनों में झगड़ा हुआ और उसने पत्नी का गला दबा दिया।

हत्या की बात छिपाने के लिए आरोपी ने हेग्जा ब्लेड का इस्तेमाल करके शव के टुकड़े कर डाले। इसके बाद सिर, हाथ और पैर मूसी नदी में फेंक आया।

बाकी का शव उसने अपने कमरे में ही एक बक्से में छिपा दिया। पुलिस ने उसके कमरे से शव के कुछ टुकड़े बरामद कर लिए हैं। वहीं बाकी की तलाश नदी में चल रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी ने हत्या की बात अपने परिजनों के सामने ही मान ली थी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। बताया गया कि आरोपी ने अपनी बहन को फोन करके कहा था कि ज्योति लापता हो गई है।

परिजनों को शक हुआ तो पुलिस को जानकारी दी गई। शव के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शव की डीएनए टेस्टिंग भी की जाएगी।

अफेयर, शादी और फिर शक

जानकारी के मुताबिक महेंद्र और ज्योति विकाराबाद जिले के रहने वाले थे। उनका घर आस-पास ही था। दोनों के बीच लव अफेयर के बाद 2024 में शादी हुई थी।

शादी के बाद दोनों हैदराबाद चले आए। एक महीने बाद ही दोनों में झगड़े शुरू हो गए। अप्रैल 2024 में महिला ने थाने में घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज करलाई थी।

ज्योति तीन महीने से एक कॉल सेंटर में नौकरी कर रही थी। महेंद्र को शक था कि उसका किसी के साथ अफेयर चल रहा है। ऐसे में उसने नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया।

मार्च 2025 में ज्योति प्रेग्नेंट हो गई। महेंद्र ने ज्योति से कहा कि वह कुछ दिनों के लिए अपने मायके चली जाए। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह अभी पता नहीं चल पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *