भारत में पाकिस्तानी शख्स का प्यार, शादी और धोखे का खेल; आखिर कैसे हुआ पर्दाफाश?…

तेलंगाना में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पर पाकिस्तानी पति की हरकतों से तंग आकर पत्नी ने उसकी पोल खोल दी। यह पाकिस्तानी नागरिक 1998 से तेलंगाना में रह रहा है।

अब धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न और पत्नी को धमकाने के आरोप में मामला दर्ज होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि फहद ने 2016 में यहां एक तलाकशुदा महिला के साथ शादी की थी। उसकी पत्नी ने बाद में इस्लाम धर्म अपना लिया था। दंपति के बीच पिछले दो वर्षों से विवाद है।

रंगे हाथ पकड़ लिया था
फहद की पत्नी ने गुरुवार को उसे कथित तौर पर उस महिला के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया जिसके साथ उसका विवाहेतर संबंध था।

इस घटना के बाद फहद की पत्नी ने बंजारा हिल्स पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले को दंपति के क्षेत्र लंगर हौज थाने में स्थानांतरित कर दिया गया।

आरोपी की पत्नी ने आरोप लगाया कि फहद ने उसके साथ धोखा किया है और वह उसके पाकिस्तानी नागरिक होने के बारे में नहीं जानती। उसने यह भी आरोप लगाया कि फहद के शैक्षिक प्रमाण पत्र फर्जी हैं और आरोपी ने उसका उत्पीड़न भी किया।

भारतीय नागरिकता के डॉक्यूमेंट्स नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फहद की मां भारत में जन्मी थी, जिन्होंने सऊदी अरब में पाकिस्तान के एक नागरिक से शादी की थी।

बाद में उन्होंने पाकिस्तानी नागरिकता हासिल कर ली। फहद वर्तमान में यहां एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करता है और अपने पिता के निधन के बाद वह 1998 में अपनी मां तथा तीन भाई-बहनों के साथ हैदराबाद आ गया था।

पुलिस ने कहा कि फहद ने भारतीय नागरिकता प्राप्त करने का दावा किया है, लेकिन कोई दस्तावेजी सबूत पेश नहीं किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *