जो खड़ा हुआ, उसे सटाकर मारी गोली… सीरिया में अस्पताल स्टाफ को घुटने टेकने पर किया मजबूर…

सीरिया में करीब एक दशक के गृहयुद्ध ने देश को तबाह कर दिया है और हाल के महीनों में स्वैदा प्रांत में द्रूज समुदाय और सुन्नी बेदुईन कबीले के बीच भीषण संघर्ष ने हालात और जटिल बना दिए हैं।

सीरिया के स्वैदा शहर में हिंसा के बीच दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में स्वैदा नेशनल अस्पताल के कर्मचारियों को हथियारबंद गुटों द्वारा मारते हुए दिखाया गया है।

यह वीडियो सीरियाई मानवाधिकार संस्था SOHR ने जारी किया है, जबकि रूस की सरकारी मीडिया RT ने इसे रिपोर्ट किया है।

इस वीडियो में चरमपंथी गुट अस्पताल के कर्मचारियों के साथ बर्बरता करते देखे जा सकते हैं। लाइव हिंदुस्तान वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो अत्यंत विचलित कर दे वाला है।

वीडियो में क्या दिख रहा

वीडियो में अस्पताल के कई कर्मचारी हथियारों के निशाने पर जमीन पर घुटने टेकते हुए नजर आ रहे हैं।

उनके चारों ओर कई हथियारबंद लोग खड़े हैं, जिन्हें SOHR ने सीरियाई रक्षा और गृह मंत्रालय के सदस्य बताया है। एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने के बाद गोली मार दी जाती है और फिर वे कई अन्य लोगों को भी गोली मारने लगते हैं।

यह घटना जुलाई महीने में शुरू हुए द्रूज समुदाय के लड़ाकों और सुन्नी बेदुईन कबीले के बीच हो रही हिंसा के दौरान की बताई जा रही है।

SOHR के अनुसार, सेना स्वैदा में संघर्ष को खत्म करने के लिए आई थी, लेकिन बाद में उन्होंने बेदुईन समूह का समर्थन किया और द्रूज लड़ाकों के खिलाफ खड़ी हो गई।

गौरतलब है कि 70 हजार की आबादी वाला स्वैदा शहर अभी भी द्रूज समुदाय के नियंत्रण में है, हालांकि सरकार ने आस-पास के कई द्रूज गांवों पर नियंत्रण कर लिया है।

स्वैदा के द्रूज समुदाय के धार्मिक नेता शेख हिकमत अल-हिजरी ने इस हिंसा की अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग की है।

उन्होंने जिम्मेदार लोगों को अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के सामने लाने और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों को भेजने का आग्रह किया है।

द्रूज समुदाय इजरायल में अल्पसंख्यक है और वहां कई सदस्य सेना में सेवा देते हैं। इस संघर्ष में इजरायली हस्तक्षेप काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इजरायली हमलों ने द्रूज समुदाय पर बड़े पैमाने पर होने वाले क़त्लेआम को रोकने में मदद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *