पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान लंबे समय से जेल में बंद हैं और उनके दोनों बेटों को पाकिस्तान में घुसने की इजाजत नहीं मिल रही है।
इमरान की बहन अलीमा खान ने कहा कि इमरान के दोनों बेटे सुलेमान और कासिम पाकिस्तान के वीजा के लिए कई बार अप्लाई कर चुके हैं लेकिन उनका वीजा मंजूर नहीं हो रहा है।
फिलहाल वे दोनों लंदन में रहते हैं। अलीमा ने कहा कि यूके में पाकिस्तानी राजदूत का यही कहना है कि वह पाकिस्तानी गृह मंत्रालय से मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं पाकिस्तान के विदेश मंत्री का कहना है कि अगर इमरान खान के दोनों बेटों का पास ओवरसीज पाकिस्तानी होने का आई कार्ड है तो उन्हें वीजा की क्या जरूरत है।
उन्होंने अलीमा को जवाब देते हुए कहा, आपने पहले तो कहा था कि उनके पास NICOP कार्ड है। अगर यह सच है तो उन्हें पाकिस्तान आने के लिए वीजा की क्या जरूरत है।
उन्होंने कहा कि अगर इमरान के बेटों को वीजा की जरूरत है तो इसका यही मतलब है कि वे पाकिस्तान के नागरिक नहीं हैं। कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि इमरान खान ने खुद उन्हें पाकिस्तान आने और किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल होने से रोका है।
71 साल के इमरान खान 2023 से ही जेल में हैं। अप्रैल 2022 में संसद में अविश्वास प्रस्ताव लाकर उनकी सरकार गिरा दी गई थी। इसके बाद भ्रष्टाचार, दंगों और अन्य आरोपों में उन्हें जेल भेज दिया गया।
पीटीआई के एक प्रवक्ता ने कहा कि इमरान खान यहां हैं तो उनके बेटों को यहां आने और उनसे मिलने से रोका नहीं जा सकता है।
वे जल्द ही पाकिस्तान आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में उन्होंने अमेरिका में कुछ फाकिस्तानी नेताओं से मुलाकात की थी। उन्होंने पाकिस्तान आकर राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होकर बदलाव लाने की इच्छा जताई थी।
कासिम ने कहा था, मेरे वालिद इमरान खान जेल में 700 से ज्यादा दिन बिता चुके हैं। उन्हें वकीलों का भी ऐक्सेस नहीं दिया जा रहा है।
इसके अलावा परिवार के लोग उनसे मुलाकात नहीं कर सकते हैं। हमारा उनसे संपर्क ही कट गया है। यहां तक कि जेल में डॉक्टर को भी नहीं जाने दिया जाता।
यह न्याय नहीं है। यह लोकतंत्र के लिए हमेशा खड़े रहने वाले एक शख्स को तोड़ने की कोशिश है।